Bemetara ACB action : बेमेतरा में ACB की बड़ी कार्रवाई: थान खम्हरिया थाने का प्रधान आरक्षक 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, इलाके में हड़कंप

Bemetara ACB action :

बेमेतरा/थान खम्हरिया। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने थान खम्हरिया थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद से पूरे पुलिस महकमे और सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।

जाल बिछाकर ACB ने की कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, थान खम्हरिया थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे एक निजी काम के एवज में प्रार्थी से लंबे समय से घूस की मांग कर रहा था। आरोपी ने इस काम के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर ACB की टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ थान खम्हरिया थाने में दबिश दी। जैसे ही प्रधान आरक्षक अजय लहरे ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, पहले से मुस्तैद ACB की टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।

बड़े अधिकारियों पर भी शक की सुई: ACB की टीम फिलहाल आरोपी प्रधान आरक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि इस घूसखोरी के खेल में थाने का कोई अन्य बड़ा अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं था।

साजा विधानसभा क्षेत्र में दूसरी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि साजा विधानसभा क्षेत्र में कुछ ही दिनों के भीतर ACB की यह दूसरी बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई है। इससे पहले भी इसी इलाके में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खौफ का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है。

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *