रायपुर। राजधानी के पॉश इलाके मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल बेचने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राहकों का आरोप है कि पेट्रोल में भारी मात्रा में पानी मिला हुआ है, जिसके कारण ईंधन भरवाते ही कई गाड़ियां बीच रास्ते में ही बंद हो गईं और कुछ के इंजन तक सीज हो गए हैं।
इस गड़बड़ी की भनक लगते ही बड़ी संख्या में प्रभावित वाहन चालक पंप पर इकट्ठा हो गए और जमकर हंगामा किया। ग्राहकों ने गाड़ी रिपेयरिंग के खर्च और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पेट्रोल का सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
