रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय ‘कुशाभाऊ ठाकरे परिसर’ में आज भाजपा के सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अध्यक्षता में हुई यह बैठक करीब ढाई घंटे तक चली, जिसमें आगामी सांगठनिक रणनीति और राज्य व केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का रोडमैप तैयार किया गया। इस बैठक का मुख्य फोकस वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर था, जिसके मद्देनजर सभी प्रकोष्ठों को अलग-अलग बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय सहित सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी और ऊर्जावान कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकर्ताओं को 4 महामंत्र
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को रीचार्ज करने के लिए चार बेहद खास और व्यावहारिक मंत्र दिए, जिनकी चर्चा अब राजनीतिक गलियारों में खूब हो रही है:
1. “सिर पर बर्फ रखो” – यानी विपरीत परिस्थितियों में भी दिमाग हमेशा ठंडा और शांत रखो। 2. “मुंह में मिश्री रखो” – यानी जनता और कार्यकर्ताओं के बीच जुबान हमेशा मीठी और विनम्र रखो। 3. “पैर में चक्र रखो” – यानी पार्टी के काम और जनसंपर्क के लिए हमेशा सक्रिय और चलायमान रहो। 4. अगाध श्रद्धा रखो – संगठन और विचारधारा के प्रति पूरी निष्ठा रखो, ताकि आपस में भाईचारा और समन्वय बना रहे।
गांव-गांव तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं: किरण सिंह देव
बैठक के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि इससे पहले मोर्चों की बैठकें हो चुकी हैं, और आज सभी 17 प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व कार्यकर्ता एक साथ बैठे।
-
मिशन 2028: आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से जमीन पर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
सशक्त जनसंपर्क: कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे जनता के बीच अधिक से अधिक जाएं।
-
योजनाओं का प्रचार: केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को हर गांव और हर घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
साफ है कि भाजपा ने अभी से आगामी चुनावों और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
