Mahtari Vandan: सीएम विष्णु देव साय ने जारी की 29वीं किश्त, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये

mahtari-vandan

रायपुर: छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किश्त सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी कर दी है। सीएम साय ने प्रदेश की 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए कुल 626.25 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस खास अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मुख्य रूप से उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की नारी शक्ति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई पहचान बन चुकी है। राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

अब तक बांटे जा चुके हैं 18,805 करोड़ रुपये से अधिक

मुख्यमंत्री ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि आज की किश्त को मिलाकर योजना के अंतर्गत अब तक कुल 29 किश्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। यह राशि सीधे तौर पर राज्य की ग्रामीण और शहरी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है।

महिलाओं के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव: सीएम साय

सीएम साय ने कहा, “प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रवास के दौरान माताएं और बहनें स्वयं मुझे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि ने उनके जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया है। अनेक महिलाओं ने इस राशि से छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं, कई ने सिलाई-कढ़ाई जैसी स्वरोजगार गतिविधियों को अपनाया है, जबकि बड़ी संख्या में परिवारों ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में इसका उपयोग किया है।”

उन्होंने आगे कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में नारी शक्ति के सशक्तिकरण का जो व्यापक अभियान चल रहा है, छत्तीसगढ़ सरकार उसी संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है।

बस्तर संभाग में ई-केवाईसी (e-KYC) प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि शत-प्रतिशत पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ बिना किसी बाधा के सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि वनांचल की कोई भी बहन इस लाभ से वंचित न रहे।

सीएम ने यह भी रेखांकित किया कि सरकार महतारी वंदन योजना के साथ-साथ ‘लखपति दीदी’ जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *