CG News: क्या PCC चीफ बनेंगे टीएस सिंहदेव? चर्चा तेज, बोले- फैसला हाईकमान का, कार्यकर्ता ऐसा न करें

Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष (PCC चीफ) बनाने की मांग को लेकर उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर अभियान शुरू कर दिया है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सिंहदेव के समर्थन में पोस्ट साझा किए जा रहे हैं। हालांकि, टीएस सिंहदेव ने खुद कार्यकर्ताओं से इस तरह की मुहिम नहीं चलाने की अपील की है।

सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कोई तय कार्यकाल नहीं होता और प्रदेशाध्यक्ष कौन रहेगा, इसका निर्णय केवल पार्टी हाईकमान करता है। उन्होंने कहा कि जब दीपक बैज को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, तब भी उनके कार्यकाल की कोई समय-सीमा घोषित नहीं की गई थी। वे कब तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे, यह पूरी तरह हाईकमान का फैसला है।

दरअसल, टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा लंबे समय से चल रही है। करीब दो महीने पहले उन्होंने एक बातचीत में कहा था कि यदि पार्टी जिम्मेदारी देती है तो वे प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए तैयार हैं। इसके बाद मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बयान देते हुए कहा था कि टीएस सिंहदेव को दिल्ली में पार्टी के लिए काम करना चाहिए और छत्तीसगढ़ में युवाओं को अवसर मिलना चाहिए।

इधर, सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार ऐसे पोस्ट साझा कर रहे हैं, जिनमें लिखा जा रहा है कि “छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार चाहिए तो बाबा को प्रदेश की कमान देनी होगी।” इन पोस्टों पर कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

सोशल मीडिया अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि कुछ लोग अपनी भावनाओं को व्यक्त कर देते हैं, लेकिन ऐसे फैसले पार्टी हाईकमान को ही लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की पोस्ट अनावश्यक रूप से स्थिति को जटिल बनाती हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को इससे बचना चाहिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *