Durg News: मोल्दोवा-रोमानिया-उत्तर मैसेडोनिया दौरे से लौटे विजय बघेल, बोले- भारत के वैश्विक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में यूरोप के तीन देशों—मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा से लौटने के बाद दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल का रायपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से उनके निवास तक स्वागत रैली निकाली गई, जहां जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि राष्ट्रपति के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर तीन देशों की यात्रा करना उनके सार्वजनिक जीवन का गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने बताया कि इस दौरान व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रणनीतिक सहयोग जैसे विषयों पर उच्चस्तरीय चर्चा हुई, जिससे भारत और इन देशों के संबंध और मजबूत होंगे।

उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान इन देशों ने भारतीय विद्यार्थियों, विशेषकर मेडिकल छात्रों की सहायता कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। यही आत्मीयता आज दोनों देशों के मजबूत संबंधों की आधारशिला बनी है।

विजय बघेल ने बताया कि यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। लगभग 30 वर्षों बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति ने रोमानिया की राजकीय यात्रा की, जबकि मोल्दोवा की यात्रा करने वाली द्रौपदी मुर्मू पहली भारतीय राष्ट्रपति बनीं। उन्होंने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य भी शामिल थे।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस विदेश यात्रा से भारत को व्यापार, निवेश, शिक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्र में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा तथा वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा और मजबूत होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *