Dongargarh News : भाजपा में बढ़ा असंतोष! 111 कार्यकर्ताओं के बाद अब पंकज अग्रवाल ने दिया इस्तीफा

Chhattisgarh Dongargarh News : डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ भाजपा में अंदरूनी असंतोष थमता नजर नहीं आ रहा है। 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे, कई नेताओं के पद छोड़ने और लगातार सामने आ रहे संगठनात्मक विवादों के बीच अब भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के डोंगरगढ़ मंडल सह संयोजक पंकज अग्रवाल ने भी अपनी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है। नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन उनके इस्तीफे से संगठन में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

पंकज अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे अपने इस्तीफे में कहा है कि वे भाजपा आईटी सेल से जुड़े रहे हैं, लेकिन व्यक्तिगत और व्यावसायिक व्यस्तताओं के कारण संगठन को अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने भाजपा आईटी सेल सहित पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने की बात कही है। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व द्वारा मिले अवसर, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए आभार भी व्यक्त किया है।

हालांकि इस्तीफे में किसी तरह के विवाद या आरोप का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब डोंगरगढ़ भाजपा पहले से ही लगातार इस्तीफों और संगठनात्मक असंतोष को लेकर सुर्खियों में है। हाल के दिनों में 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे, कई नेताओं के पद छोड़ने और पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष सुमित मिश्रा के इस्तीफे जैसे घटनाक्रमों ने संगठन की अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है।

लगातार सामने आ रहे इस्तीफों ने डोंगरगढ़ भाजपा की संगठनात्मक स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पार्टी नेतृत्व पर है कि वह असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को मनाने और संगठन में बढ़ते असंतोष को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *