Durg News : छावनी और मोहन नगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, किरायेदारों का सत्यापन और दस्तावेजों की जांच

Chhattisgarh Durg News : दुर्ग। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने सोमवार तड़के थाना छावनी और मोहन नगर क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने घर-घर पहुंचकर सत्यापन किया। अभियान के दौरान 7 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

प्रातःकालीन अभियान के तहत थाना छावनी क्षेत्र के प्रगति नगर बीएसपी क्वार्टर में प्रत्येक मकान का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने निवासियों के आधार कार्ड, पहचान पत्र, वाहनों और अन्य दस्तावेजों की जांच की। साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब या अन्य प्रतिबंधित सामग्री का संग्रहण तो नहीं किया जा रहा है।

वहीं, थाना मोहन नगर पुलिस ने उरला बॉम्बे आवास, शंकर नगर और शांति नगर में घर-घर जाकर किरायेदारों का सत्यापन किया। इस दौरान किरायेदारों के पहचान पत्र, दस्तावेजों और वाहनों की जांच की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। अभियान के दौरान थाना छावनी क्षेत्र से 7 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से किरायेदारों एवं घरेलू कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर देने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *