Dhamtari News : शिक्षक भर्ती के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, फर्जी चेक और NEFT से धोखाधड़ी का दावा

Chhattisgarh Dhamtari News : धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में समग्र शिक्षा में शिक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 9 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर फर्जी चेक और कथित फर्जी NEFT के जरिए रकम लौटाने का झांसा देने का भी आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मगरलोड थाना में की गई है।

शिकायतकर्ता हरिशचंद साहू, निवासी करेलीबड़ी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि जुलाई 2025 में व्यवसायिक शिक्षक परीक्षा परिणाम को लेकर हुए आंदोलन के दौरान उसकी मुलाकात योगेन्द्र कुमार देवांगन से हुई थी। आरोपी ने समग्र शिक्षा में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाते हुए प्रति व्यक्ति ढाई लाख रुपये की मांग की। इसके बाद हरिशचंद ने अपने दो दोस्तों देवेश कुमार साहू और पुलस्त कुमार खुरसुनी की नौकरी के लिए भी बात की।

आरोप है कि अगस्त 2025 से अलग-अलग समय पर UPI और बैंक खातों के माध्यम से 6.39 लाख रुपये ऑनलाइन भेजे गए, जबकि 2.50 लाख रुपये नकद आरोपी को दिए गए। इस तरह कुल करीब 9 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जनवरी 2026 में उसका ऑनलाइन परीक्षा और इंटरव्यू भी कराया गया तथा चयन होने की जानकारी दी गई। बाद में जब अन्य लोगों की नौकरी नहीं लगी तो रकम वापस मांगी गई। आरोप है कि आरोपी ने ढाई लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में हस्ताक्षर मेल नहीं खाने के कारण निरस्त हो गया। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी NEFT के जरिए 50 हजार रुपये भेजे जाने का दावा किया गया।

हरिशचंद का आरोप है कि बाद में पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और रकम लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही शिकायतकर्ता और उसके साथियों के खिलाफ झूठी शिकायतें करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, कूटरचित चेक और कथित फर्जी बैंक ट्रांजेक्शन के मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *