Durg News: ‘स्मार्ट मीटर वापस लो’ के नारों से गूंजा भिलाई-3, राकेश ठाकुर बोले- जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही सरकार

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर स्मार्ट मीटर के विरोध में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत गुरुवार को दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित उमदा चौक में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इस दौरान स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर लोगों से फॉर्म भी भरवाए गए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर “स्मार्ट मीटर वापस लो”, “जनविरोधी भाजपा सरकार मुर्दाबाद” और “बिजली उपभोक्ताओं का शोषण बंद करो” जैसे नारे लगाए। रैली में शामिल लोगों ने स्मार्ट मीटर योजना का विरोध करते हुए सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद प्रदेशभर में बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवार और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस इस जनविरोधी योजना का सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रखेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर दोबारा नहीं लगाती है, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।

प्रदर्शन में महापौर निर्मल कोसरे, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा, मनोज मढ़रिया, विनोद निषाद, भूपेंद्र वर्मा, आशीष वर्मा, मोहन साहू, हिमांशु शर्मा, प्रवीण डे, बहल साहू, नोहर ठाकुर, टीकम सिंह भास्कर, सरिता झंगाम, ललित साहू, हार्मिक सिंह, विमला सरोज, पप्पू चंद्राकर, हेमंत वर्मा, टेनेंद्र ठाकरे, सुयश सखरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *