Abhanpur News: रायपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा: थाने से जेल ले जाते समय आरोपी को छुड़ाने पहुंचे समर्थक, पुलिस ने किया बल प्रयोग

Chhattisgarh Abhanpur News: अभनपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार किए गए हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी को जेल भेजने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पहले आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने थाने में विरोध प्रदर्शन किया, फिर पुलिस वाहन को बीच रास्ते रोककर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद आरोपी को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रायपुर कलेक्टर के आदेश पर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई थी। गिरफ्तारी के बाद गोबरा नवापारा पुलिस उसे थाने लाई, जहां जेल भेजने से पहले आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी के परिजन और समर्थक थाने पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे।

पुलिस किसी तरह स्थिति संभालकर आरोपी को केंद्रीय जेल रायपुर ले जाने के लिए रवाना हुई, लेकिन ग्राम बजरंगपुर के पास परिजनों और समर्थकों ने दो-तीन चारपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर पुलिस वाहन का रास्ता रोक दिया। आरोप है कि उन्होंने आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया और आरोपी को दोबारा सुरक्षित हिरासत में लेकर जेल पहुंचाया।

घटना के बाद पुलिस ने हंगामा करने वाले लोगों और घटनास्थल पर मौजूद वाहनों को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार, टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ वर्ष 2010 से अब तक भारतीय न्याय संहिता, आबकारी अधिनियम, जुआ-सट्टा, नारकोटिक्स तथा आर्म्स एक्ट समेत 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ 11 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *