Balrampur News : सेमरसोत अभयारण्य में वन्यजीव हत्या का खुलासा, मृत बार्किंग डियर के साथ दो ग्रामीण गिरफ्तार

Chhattisgarh Balrampur News : बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले स्थित सेमरसोत अभयारण्य में संरक्षित वन्यजीव बार्किंग डियर (कोटरी) के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से मृत बार्किंग डियर बरामद किया गया है। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग के अनुसार, वन उप निदेशक एलिफेंट रिजर्व सरगुजा श्रीनिवास तेनेटी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन गश्त अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेमरसोत अभयारण्य क्षेत्र में वन्यजीव का शिकार किया गया है। इसके बाद अधीक्षक बी.एस. भगत के मार्गदर्शन और रेंजर जगत राम मरावी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम परती निवासी चंदन और ग्राम खटवाबरदर निवासी सुराजलाल को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से मृत बार्किंग डियर बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने अभयारण्य क्षेत्र के भीतर अवैध शिकार करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

वन विभाग ने बताया कि शिकार में इस्तेमाल किए गए उपकरणों और मामले में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों का संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी शिकार या वन अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *