Chhattisgarh Kondagaon News : कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में गौहत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला इरागांव थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने जंगल में एक गाय को काटकर उसकी चमड़ी निकाल रहे लोगों को मौके से पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के सामने शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को ग्राम पड्डे के जंगल क्षेत्र में गौहत्या किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी इरागांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छह लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर आरोपी कथित तौर पर गाय को काटकर उसकी चमड़ी निकाल रहे थे। एसडीओपी अरुण कुमार नेताम ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगल में दबिश दी थी, जहां छह लोगों को पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने की बात सामने आई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मामले में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं।
जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में सभी तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
