Kawardha News: चिल्फी बॉर्डर पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे 4.47 क्विंटल गांजा

Chhattisgarh Kawardha News : कवर्धा। कबीरधाम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चिल्फी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एनएच-30 पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करी के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चिल्फी थाना पुलिस एनएच-30 पर थाना परिसर के सामने वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोककर जांच की।

पुलिस के मुताबिक, कंटेनर चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उससे पूछताछ की गई और वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए एक गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर में खाकी रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट रखे हुए थे। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मामले में बलजीत सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए एएनटीएफ टीम द्वारा भी आरोपी से पूछताछ और जांच की जा रही है।

बड़ी मात्रा में गांजा पकड़ने वाली पुलिस टीम की कार्रवाई की अधिकारियों ने सराहना की है। आईजी अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और चिल्फी थाना टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक टीम की सतर्कता और तत्परता से अंतर्राज्यीय सीमा पर गांजे की बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता मिली।

चिल्फी पुलिस ने एक महीने के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले 12 अगस्त को पुलिस ने एक लग्जरी कार से करीब 6 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर बड़ी खेप के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *