BRICS Summit 2026 Delhi: 7 साल बाद शी जिनपिंग का भारत दौरा, आज मोदी-पुतिन की अहम मुलाकात में रक्षा-ऊर्जा पर मंथन

BRICS Summit 2026 Delhi

नई दिल्ली: BRICS Summit 2026: राजधानी दिल्ली इस समय 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। 11 से 13 सितंबर तक चलने वाले इस उच्चस्तरीय वैश्विक आयोजन को लेकर पूरी दिल्ली में कड़े सुरक्षा चक्र और ट्रैफिक में विशेष बदलाव लागू किए गए हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचे, वहीं चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भारतीय धरा पर कदम रखेंगे। मुख्य शिखर सम्मेलन 13 और 14 सितंबर को प्रगति मैदान स्थित अत्याधुनिक ‘भारत मंडपम’ में आयोजित होगा।

कड़ा सुरक्षा घेरा: 15 हजार जवान और 500 CCTV से निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए दिल्ली पुलिस के 15,000 से अधिक जवान और पैरामिलिट्री की 200 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गई हैं। भारत मंडपम और वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों में 500 से अधिक हाई-टेक सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संपूर्ण दिल्ली में लॉकडाउन जैसी स्थिति नहीं होगी, लेकिन विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के काफिले गुजरने के समय चुनिंदा मार्गों पर अस्थायी रूप से आवाजाही रोकी जाएगी।

ट्रैफिक डायवर्जन: किन रास्तों पर पड़ेगा असर?

लगभग 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की टीम सड़कों पर व्यवस्था संभाल रही है। सुरक्षा कारणों से रोजाना 70 से 80 हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट होंगे।

प्रभावित मार्ग: शांति पथ, जनपथ, मथुरा रोड, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और तीन मूर्ति मार्ग समेत 35 प्रमुख सड़कें प्रभावित रहेंगी।

यात्रियों के लिए सलाह: नोएडा से मध्य दिल्ली और द्वारका से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

मेट्रो व सार्वजनिक परिवहन: दिल्ली मेट्रो सेवा सामान्य रूप से संचालित होगी। बस, ऑटो और टैक्सी भी चलते रहेंगे, हालांकि कुछ रूट्स में तात्कालिक बदलाव किए जा सकते हैं। और परीक्षाएं: अस्पताल जाने वाले मरीजों और UPSC/NDA परीक्षार्थियों को समय से पहले निकलने की हिदायत दी गई है। मेडिकल इमरजेंसी में ट्रैफिक पुलिस तुरंत रास्ता मुहैया कराएगी।

क्या खुला रहेगा और क्या बंद?

बंद: 13 सितंबर तक दिल्ली के सभी स्कूल, राष्ट्रपति भवन और मेट्रो म्यूजियम आम जनता के लिए बंद रहेंगे।

खुला: कनॉट प्लेस (CP) का कमर्शियल मार्केट खुला रहेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियां सामान्य चलती रहेंगी।

पीएम मोदी का कूटनीतिक शेड्यूल: रक्षा, व्यापार और सीमा पर मंथन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें रक्षा, ऊर्जा और असैन्य परमाणु सहयोग जैसे रणनीतिक मुद्दों पर सहमति बनने की उम्मीद है। इसके अलावा, पीएम मोदी ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेशकियान से भी मुलाकात करेंगे। शनिवार शाम को पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बहुप्रतीक्षित वार्ता होगी, जिसमें सीमा विवाद और द्विपक्षीय व्यापार पर चर्चा केंद्रित रहेगी। सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इंडोनेशिया, मलेशिया, इथियोपिया और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी शिरकत कर रहे हैं। सम्मेलन का औपचारिक समापन ‘न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन’ के साथ होगा।

वैश्विक नेताओं का अनोखा स्वागत और PM मोदी का संदेश

सैंड आर्ट से अभिनंदन: ओडिशा के पुरी में प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने समुद्र तट पर ब्रिक्स नेताओं की विशाल और आकर्षक रेत कलाकृति बनाकर भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय अतिथियों का स्वागत किया।

फिलीपींस प्रतिनिधिमंडल का आगमन: सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस की विदेश मामलों की सचिव मा. थेरेसा पी. लाजारो भी दिल्ली पहुँच चुकी हैं।

सकारात्मक संवाद पर जोर: प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर कहा कि यह सम्मेलन विश्व कल्याण की भावना को मजबूती देगा। उन्होंने एक संस्कृत श्लोक साझा करते हुए संदेश दिया कि हमेशा सज्जनों की संगति और सकारात्मक संवाद को प्राथमिकता देनी चाहिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *