Raipur News: CM साय का सहज अंदाज, मरीन ड्राइव में रुका काफिला; सड़क किनारे मीरा से खरीदा मिट्टी का दीया

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सहज अंदाज देखने को मिला। सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के पसरे के पास मुख्यमंत्री का काफिला अचानक रुका। मुख्यमंत्री ने मीरा से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए वहीं से मिट्टी का दीया खरीदा और उसे एक हजार रुपये देकर उसके श्रम और स्वावलंबन का सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने मीरा से आत्मीय बातचीत करते हुए उसके कामकाज और परिवार का हाल जाना। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या उसे सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मीरा ने बताया कि उसका जनधन खाता खुला है और उसे महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की राशि मिल रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सड़क किनारे सामान बेचने वाले छोटे विक्रेता, कुम्हार और स्थानीय कारीगर अपने श्रम और हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ताकत बन रहे हैं। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी उनके श्रम और आजीविका को सम्मान देने का माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिट्टी का दीया आशा, प्रकाश और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा, जनभागीदारी और विकास के संकल्प को जन-जन से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने और अपनी क्षमता के अनुसार जनसेवा का संकल्प लेने की अपील की।

मरीन ड्राइव के सड़क किनारे छोटे से पसरे पर मुख्यमंत्री और मीरा की यह मुलाकात उसके लिए यादगार बन गई। वहीं मिट्टी का यह छोटा-सा दीया सेवा, स्वावलंबन और जनभागीदारी के बड़े संदेश का प्रतीक बनकर सामने आया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *