Balod News: DEO का स्कूल में औचक निरीक्षण, प्राचार्य समेत मैनेजमेंट स्टाफ की लगाई क्लास

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले के निजी क्षेत्र के प्रमुख शिक्षण संस्थान निर्मला सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) दीपक दुबे की टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासन के दिशा-निर्देशों और अनिवार्य योजनाओं के क्रियान्वयन में कमियां पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। प्रबंधन से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे ने बताया कि स्कूल में शासकीय नियमों का पालन नहीं किए जाने को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर टीम ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं और शासन के दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राचार्य सहित मैनेजमेंट स्टाफ से नियमों और शासन की योजनाओं के पालन को लेकर जानकारी ली गई।

DEO दीपक दुबे ने प्राचार्य और मैनेजमेंट स्टाफ को शासन की योजनाओं और दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं और दिशा-निर्देश सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य हैं। शासन की मंशा और योजनाओं का संदेश जिस तरह बच्चों तक पहुंचना चाहिए, उसमें कमी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को लेकर स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। DEO ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *