Raipur News: पूर्व महापौर एजाज ढेबर को विदेशी नंबर से धमकी, 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को विदेशी नंबर से फोन कर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और धमकी देने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने कथित तौर पर खुद को लारेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग से जुड़ा बताया। धमकी भरा कॉल एजाज ढेबर के निजी मोबाइल नंबर पर आया, जिसके बाद उन्होंने मध्य जोन के कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विदेशी नंबर से आए कॉल में फोन करने वाले ने धमकी भरे लहजे में बातचीत की और 50 करोड़ रुपये की मांग की। उसने अपनी पहचान लारेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग से जुड़े व्यक्ति के रूप में बताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कॉल से जुड़े तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।

विदेशी नंबर से कॉल आने के कारण साइबर टीम भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस नंबर की तकनीकी जानकारी, संभावित लोकेशन, कॉल करने के तरीके और बातचीत से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कॉल इंटरनेट कॉलिंग या किसी अन्य तकनीक के जरिए तो नहीं किया गया था।

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में किसी संगठित आपराधिक गिरोह से संबंध है या उसने कुख्यात गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डर पैदा करने और फिरौती वसूलने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केवल फोन में किसी गैंग का नाम लेने से उसके साथ आरोपी का संबंध साबित नहीं होता। जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अमन साव के नाम का जिक्र होने के बाद पुलिस उसके पुराने रायपुर कनेक्शन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। जब अमन साव रायपुर जेल में बंद था, उस दौरान एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर भी शराब घोटाले से जुड़े मामले में उसी जेल में बंद थे। हालांकि, इस पुराने कनेक्शन के आधार पर मौजूदा धमकी के पीछे किसी गिरोह की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। कोतवाली पुलिस और साइबर टीम कॉल नंबर समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की बात कही जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *