Raipur News: खेल अकादमियों में प्रवेश का मौका, 23-24 सितंबर को रायपुर में होंगे चयन ट्रायल

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी 23 सितंबर को रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में सुबह 7 बजे से 11 बजे तक पंजीयन करा सकेंगे। चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र अथवा जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी और बालिका फुटबॉल के लिए चयन ट्रायल 23 सितंबर को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने आयोजित किए जाएंगे। वहीं गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए चयन ट्रायल 24 सितंबर को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-02 में सुबह 7 बजे से होंगे।

चयन ट्रायल में छत्तीसगढ़ के बालक-बालिका खिलाड़ियों के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं। 23 सितंबर को फुटबॉल और तीरंदाजी खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल परीक्षण स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा एवं तीरंदाजी एरिना रायपुर में किया जाएगा। इसी तरह 24 सितंबर को हॉकी और एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए पंजीयन से लेकर खेल कौशल परीक्षण तक की प्रक्रिया स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पिच-02 में होगी।

चयन ट्रायल में खिलाड़ियों का चयन उनके खेल प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *