Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का बड़ा अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये का सामान ले जाने के मामले में सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 22 सितंबर 2026 को बैकुंठपुर से पकड़ा और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रुद्री में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ आरोपी खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताकर उसके घर में अनधिकृत रूप से घुस आए थे। आरोपियों ने प्रार्थी को गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। शिकायत के अनुसार, ले जाए गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 335 और 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।
मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों रामचंद देवांगन (40), निवासी जल विहार कॉलोनी, रुद्री और नागेंद्र पटेल (34), निवासी पटना, जिला कोरिया को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों की गिरफ्तारी 29 नवंबर 2025 को की गई थी।
मामले में फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह, पिता गणेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया को पुलिस टीम ने 22 सितंबर को बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई धमतरी एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी सिविल लाइन रुद्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
