Bus Fire News: ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा: चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला, अब तक 9 लोगों की मौत, कई घायल

Greater Noida Bus Fire: ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर नोएडा से आगरा जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग की चपेट में आने और धुएं के कारण कई यात्रियों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। अब तक इस हादसे में 9 लोगों की मौत की सूचना है।

चलती बस में अचानक लगी आग

जानकारी के अनुसार, हादसा यमुना एक्सप्रेस-वे पर नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे जेवर कार्गो एयरपोर्ट के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चलती बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कुछ यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग आग और धुएं की चपेट में आ गए।

धुएं से यात्रियों का हुआ बुरा हाल

हादसे के बाद मौके का मंजर बेहद भयावह था। बस के अंदर धुआं भर जाने के कारण यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। यात्रियों के मुताबिक, बस में आग लगने के बाद चारों तरफ धुआं फैल गया था और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। बाहर निकलने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की तक की स्थिति बन गई।

एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस में सो रही थीं। इसी दौरान किसी ने गेट खटखटाकर उन्हें जगाया। जब वह उठीं तो बस में पहले से ही काफी भीड़ और अफरा-तफरी थी। उन्होंने अपना सामान तक नहीं उठाया और सिर्फ फोन लेकर बस से बाहर निकलने की कोशिश की। यात्री के मुताबिक, धुएं के कारण बाहर निकलना बेहद मुश्किल था और किसी तरह उन्हें बाहर खींचकर निकाला गया।

एक अन्य यात्री ने बताया कि वह सो रहा था, तभी किसी ने उसे जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद यात्री बाहर निकलने के लिए भागे, लेकिन धुएं और अफरा-तफरी के बीच बाहर निकलना आसान नहीं था। यात्री के मुताबिक, बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी।

फायर टीम ने बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बस में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए इस सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। घटना में आग लगने के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *