Bhilai News: BSP कर्मियों के बोनस पर 1 अक्टूबर को एनजेसीएस कोर कमेटी की बैठक, फार्मूले से 30,200 रुपए की गणना

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाईनगर। सेल कर्मियों के बोनस को लेकर 1 अक्टूबर को एनजेसीएस कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। सेल मैनेजमेंट ने बोनस यानी एनुअल सेल परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम (ASPLIS) के मुद्दे पर नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में दोपहर 1 बजे बैठक बुलाई है। इसमें एनजेसीएस कोर कमेटी के सदस्यों को शामिल होने के लिए बुलाया गया है।

जानकारी के अनुसार 23 मार्च 2023 को सेल मैनेजमेंट ने बोनस के लिए एक नया फार्मूला तय किया था। इस फार्मूले के आधार पर गणना करने पर बोनस की राशि करीब 30,200 रुपए बैठने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि यह फार्मूला पांच वर्ष के लिए तय किया गया था और वर्तमान अवधि उसका पांचवां तथा अंतिम वर्ष है।

बोनस की राशि को लेकर यूनियन प्रतिनिधियों की ओर से सेल के बेहतर उत्पादन प्रदर्शन और लाभ का हवाला देते हुए अतिरिक्त राशि की मांग किए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि मैनेजमेंट कर्मियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तय राशि में करीब 2 से 3 हजार रुपए की अतिरिक्त बढ़ोतरी पर विचार कर सकता है। हालांकि, अंतिम राशि पर निर्णय बैठक में होने वाली चर्चा के बाद ही स्पष्ट होगा।

ऐसे में यदि अतिरिक्त राशि पर सहमति बनती है तो बोनस करीब 32,200 से 33,200 रुपए तक पहुंच सकता है। फिलहाल 1 अक्टूबर की एनजेसीएस कोर कमेटी की बैठक को लेकर बीएसपी कर्मियों की नजरें बोनस की अंतिम राशि पर टिकी हुई हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *