Durg News: भिलाई के ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में शामिल हुईं केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर अपने दुर्ग प्रवास के दौरान भिलाई सेक्टर-7 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को सम्मानित किया। साथ ही दुर्ग स्थित ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सावित्री ठाकुर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और मितानिनें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने पोषण माह का उल्लेख करते हुए स्वच्छता, पौष्टिक आहार और नियमित टीकाकरण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों को भी आंगनबाड़ी केंद्रों से लगातार जुड़ना चाहिए और कार्यकर्ताओं का सहयोग करना चाहिए। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता खड़से और गुरमीत कौर, सहायिका कामिन साहू और डी. महालक्ष्मी, मितानिन शकुन्तला तथा सहयोगी डुलेश्वरी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मिलेट्स यानी मोटे अनाज से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके माध्यम से मिलेट्स के पोषण मूल्य की जानकारी दी गई। बच्चों के लिए ‘न्योता भोज’ का आयोजन भी किया गया।

इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने दुर्ग स्थित ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ का निरीक्षण किया। उन्होंने घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य समस्याओं से पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही काउंसलिंग, विधिक सहायता, चिकित्सीय सुविधा, पुलिस सहायता और अस्थायी आश्रय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संकटग्रस्त महिलाओं को समय पर सुरक्षा, पुनर्वास और आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सेंटर की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का भी जायजा लिया तथा स्टाफ के कार्यों की सराहना की।

इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, महिला मोर्चा भिलाई अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, वरिष्ठ नागरिक सुरेंद्र कौशिक और पुरुषोत्तम देवांगन सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, पर्यवेक्षक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *