Mahasamund News: NH-53 पर दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत और 1 घायल

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। नेशनल हाईवे-53 पर तुमगांव थाना क्षेत्र के कांपा गांव के पास मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सड़क से उछलकर करीब 30 मीटर दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार रामेश्वर साहू (32 वर्ष) और सुमित कुमार रात्रे (21 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल बंजारे (24 वर्ष) और गोवर्धन यादव (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान राहुल बंजारे ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल गोवर्धन यादव का उपचार जारी है।

तुमगांव थाना प्रभारी विनोद कश्यप ने बताया कि कांपा निवासी चार युवक ट्रैक्टर क्रमांक सीजी-04 एनए-9789 से बिरकोनी जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित शेरे पंजाब ढाबे के पास पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *