Jagdalpur News: ‘अर्नब’ और खातीगुड़ा डैम से आई बाढ़ से बस्तर में तबाही, सांसद महेश कश्यप ने PM मोदी से मांगे 500 करोड़

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बस्तर संभाग में चक्रवात ‘अर्नब’ और ओडिशा के खातीगुड़ा डैम से पानी छोड़े जाने के कारण हुए नुकसान के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज स्वीकृत करने की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से 24 से 27 सितंबर के बीच बस्तर संभाग, विशेषकर बस्तर, सुकमा और बीजापुर जिलों में भारी बारिश हुई। इसी दौरान ओडिशा के खातीगुड़ा बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई और कई इलाकों में व्यापक नुकसान हुआ।

महेश कश्यप के मुताबिक, बस्तर, सुकमा और बीजापुर के सैकड़ों गांवों और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ। उनके पत्र के अनुसार, बस्तर जिले में करीब 700, सुकमा में 100 और बीजापुर जिले में करीब 90 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ सड़क और पुलिया जैसी बुनियादी संरचनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

सांसद ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण और बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए केंद्र से विशेष वित्तीय सहायता देने का आग्रह किया है। उन्होंने बस्तर जिले के लिए 300 करोड़, सुकमा के लिए 100 करोड़ और बीजापुर के लिए 100 करोड़ रुपये की सहायता सहित कुल 500 करोड़ रुपये का राहत पैकेज प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से स्वीकृत करने की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *