Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। तखतपुर नगर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर 100 फीट से अधिक ऊंचाई तक चढ़ गई। महिला को टावर के ऊपर देखकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला काफी देर से टावर पर मौजूद थी। स्थानीय लोगों ने महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महिला की स्थिति को देखते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारना पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सतीश साहू ने बताया कि महिला के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग से संपर्क कर बिजली सप्लाई बंद करा दी गई है। साथ ही संबंधित मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है।
महिला के टावर पर चढ़ने की घटना के बाद मोबाइल टावर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि टावर परिसर के चारों ओर लगी घेराबंदी कई जगह से टूट चुकी है, जिससे किसी भी व्यक्ति के लिए परिसर में प्रवेश करना आसान हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी घेराबंदी इंसानों के साथ-साथ जानवरों के लिए भी खतरा बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस, बिजली विभाग और मोबाइल टावर कंपनी की टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद है और सभी की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है।
