Chhattisgarh Latest News: रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह में शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर देश के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
2047 तक विकसित भारत, साथ में विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करना सिर्फ सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी प्रदेशवासियों को पूरी शक्ति और संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ा गया है।
बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं।
साय ने कहा कि जिन इलाकों में विकास पहुंचना मुश्किल था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य बस्तर के हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार व उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
महतारी वंदन से 68 लाख महिलाओं को मिल रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस सहायता से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी मजबूत हुई है।
रेल कनेक्टिविटी के विस्तार पर 51 हजार करोड़ के काम
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल नेटवर्क से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और उद्योग, व्यापार, पर्यटन तथा रोजगार के अवसरों को भी गति मिलेगी।
6,691 जनजातीय गांवों में मजबूत हो रही बुनियादी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, संस्कृति का संरक्षण और उनके क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनजातीय अंचल विकास की यात्रा में सहभागी बनने के साथ प्रदेश की प्रगति के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे आएं।
सिंगापुर दौरे का जिक्र, 15 कंपनियों ने निवेश में दिखाई रुचि
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत के प्रति बढ़े विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण के चलते राज्य को प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। साय ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ को लेकर निवेशकों में उत्साह दिखा। उन्होंने बताया कि 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों का उद्देश्य उद्योगों के साथ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
बृजमोहन अग्रवाल बोले- विकसित भारत 2047 हर नागरिक का लक्ष्य
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय लक्ष्य है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को सेवा और राष्ट्र समर्पण की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
