Sakti News: हसौद के सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में 11 से 21 अक्टूबर तक भव्य नवरात्रि महोत्सव

Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। ग्राम हसौद स्थित सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक नवरात्रि जसगीत कार्यक्रम और दशहरा पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मां महामाया के दरबार में विभिन्न जसगीत एवं झांकी पार्टियों की ओर से धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजन को लेकर मंदिर समिति और ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है।

सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर हसौद क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। नवरात्रि के दौरान आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां महामाया की पूजा-अर्चना करते हैं और मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराते हैं। इस वर्ष भी मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं।

11 अक्टूबर को घट स्थापना, देवी पूजन और मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलन के साथ नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ होगा। प्रथम रात्रि में समस्त जसगीत पार्टी हसौद और रागिनी जागराता म्यूजिकल ग्रुप ओड़ेकेरा, जैजैपुर की प्रस्तुति होगी। 12 अक्टूबर को जय मां दुर्गा माता सेवा समिति गंगाजल और मां की जागराता जसगीत झांकी पार्टी सुलोनीकला कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। 13 अक्टूबर को जय मां कंकालीत दाई जसगीत पार्टी मल्दा और जय गुढ़हीघाटी दाई जसगीत झांकी पार्टी बुटी पाली की प्रस्तुति होगी।

14 अक्टूबर को जय माता दाई जसगीत पार्टी पेण्ड्री और जय भवानी सेवा मंडली झांकी जसगीत पार्टी कांशीगढ़, जबकि 15 अक्टूबर को जय मां दुर्गा समलाई जसगीत झांकी पार्टी लेनध्रा (मुडपार) और जय मां महामाया जसगीत झांकी पार्टी सरसींवा प्रस्तुति देगी। 16 अक्टूबर को जय कुसलाई दाई जसगीत झांकी पार्टी कोसीर और जय मां समलाई के अंगना जसगीत झांकी पार्टी डोटमा कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। 17 अक्टूबर को नवयुवक जसगायक एवं भव्य झांकी परिवार जैजैपुर और बाली सुग्रीव जसगीत झांकी पार्टी मिरौनी की प्रस्तुति होगी।

19 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर ममता दिव्या म्यूजिकल ग्रुप बोरदा (सक्ती) की प्रस्तुति होगी। इसी दिन मंदिर में कन्या भोज, ब्राह्मण भोज, विशेष पूजा-अर्चना और ज्योति विसर्जन का आयोजन किया जाएगा। 20 अक्टूबर को विजयदशमी पर्व के अवसर पर हसौद की पारंपरिक गढ़विजय रस्म आयोजित होगी। स्थानीय परंपरा के अनुसार दशहरा के दिन यादव समाज की सहभागिता से गढ़विजय का आयोजन किया जाता है।

21 अक्टूबर को जय मां सतबहिनिया दाई माता सेवा झांकी पार्टी सिलादेही, जय मां चंद्रहासिनी जसगीत झांकी परिवार परसापाली-बोरिदा और जय मां विंध्यवासिनी जसगीत झांकी पार्टी मिरौनी की ओर से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

मंदिर समिति की ओर से मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराने की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन पत्र के अनुसार घी ज्योति कलश के लिए 1151 रुपये और तेल ज्योति कलश के लिए 951 रुपये निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं को ज्योति कलश की रसीद प्राप्त करने और प्रसाद निर्धारित स्थान से लेने की जानकारी दी गई है।

नवरात्रि महोत्सव के आयोजन में मंदिर समिति और ग्रामवासी सहयोग कर रहे हैं। समिति में अध्यक्ष बुधराम यादव, उपाध्यक्ष अशोक साहू, सचिव नरेंद्र कुमार धिरहे और कोषाध्यक्ष धनंजय चन्द्रा शामिल हैं। बाहर से आने वाली जसगीत एवं झांकी पार्टियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी आयोजन समिति की ओर से की जाएगी। समिति और ग्रामवासियों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मां महामाया के दरबार में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *