जगदलपुर: जगदलपुर के धरमपुरा स्थित खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर ओलंपिक 2026 के लिए स्वयं अपना पंजीयन कराया। इस दौरान उन्होंने बस्तर ओलंपिक के शुभंकर के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। उन्होंने बस्तर ओलंपिक को क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच बताते हुए युवाओं और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की।
वन मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 में बस्तर ओलंपिक के लिए 3 लाख 91 हजार 289 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। इस वर्ष पंजीयन की संख्या को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और सभी खेल प्रेमियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
गांव-गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक सुदूर अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए गांव-गांव के खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल सकता है।
प्रतिभाशाली युवाओं से बनेगी नए बस्तर की पहचान
वन मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को बस्तर ओलंपिक से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर की नई पहचान यहां के प्रतिभाशाली युवाओं और खिलाड़ियों के दम पर बनेगी। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
