PM Modi Visit Odisha: भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विकास रा धारा, ओडिशा सारा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने करीब 47 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति मुर्मू के 68वें जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने न केवल मयूरभंज, बल्कि पूरे ओडिशा की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल गांव पहाड़पुर को ‘सोलर विलेज’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाई जाएगी और पहाड़पुर को कोणार्क सूर्य मंदिर की तर्ज पर एक आदर्श मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री राष्ट्रपति मुर्मू के साथ पहाड़पुर भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्किल ट्रेनिंग हब का दौरा किया और छात्राओं से संवाद किया। इसके अलावा उन्होंने संथाल समुदाय के पवित्र स्थलों संथाली जाहेरा और हो जाहेरा में पूजा-अर्चना भी की।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ओडिशा में इस समय उत्सव और विकास दोनों का माहौल है। रथयात्रा और अन्य पर्वों के बीच लोकतंत्र और विकास का भी उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने राज्य में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां के लोगों का स्नेह उन्हें बार-बार ओडिशा आने के लिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2036 में ओडिशा के गठन के 100 वर्ष और 2047 में आजादी के 100 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि ओडिशा का विकास ही विकसित भारत के सपने को साकार करेगा।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस शासन में पूर्वी भारत पिछड़ेपन का प्रतीक बना रहा, लेकिन अब यही क्षेत्र विकास और प्रगति का नया प्रवेश द्वार बन रहा है। उन्होंने बताया कि ओडिशा में करीब 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और राज्य तेजी से विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 600 मेगावाट के अपर इंद्रावती पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट और आईबी थर्मल पावर स्टेशन के स्टेज-द्वितीय विस्तार की आधारशिला शामिल है। उन्होंने झारसुगुड़ा के लखनपुर में भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) परियोजना का शिलान्यास किया। वहीं भुवनेश्वर में 300 टन क्षमता वाले कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और काठाजोड़ी नदी पुल का उद्घाटन किया गया।
प्रधानमंत्री ने बौध जिले में ढालपुर-हरभंगा सड़क चौड़ीकरण परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग-353 के नुआपाड़ा-घाटीपाड़ा फोरलेन प्रोजेक्ट और कुसुमडीही मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का शुभारंभ भी किया। इसके अलावा रायरंगपुर में इग्नू के क्षेत्रीय केंद्र, इनडोर बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आदिवासी अनुसंधान केंद्र की आधारशिला रखी गई।
रेलवे क्षेत्र में 732 करोड़ रुपये से अधिक लागत की दो मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की गईं, जिनमें हिंडोल रोड-मेरामांडली मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना प्रमुख है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने बौध में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन, विभिन्न जिलों में 24 अटल बस स्टैंड, नौ ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, एनएच-57 पर नयागढ़ बाईपास और कुसुमी स्मार्ट सिंचाई परियोजना की भूमिगत पाइपलाइन जैसी अनेक विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं ओडिशा के विकास को नई गति प्रदान करेंगी और पूर्वी भारत को देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बनाएंगी।
