ममता बनर्जी के करीबी और पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को NIA ने किया अरेस्ट

पश्चिम बंगाल में टीएमसी को एक और झटका लगा है. नेशनल जांच एजेंसी एनआईए ने भांगर विस्फोट मामले के मुख्य संदिग्ध और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है. शौकत मोल्ला की गिरफ्तारी बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से शुक्रवार को हुई है. एनआईए ने मोल्ला को ‘फरार’ घोषित किए जाने के कुछ घंटों बाद यह कार्रवाई की. दक्षिण 24 परगना जिले के दक्षिण बामुनिया गांव में 19 मार्च को हुए एक बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. उस स्थान पर कथित तौर पर बम बनाए जा रहे थे.

भांगर बम विस्फोट मामले में एक्शन
एनआईए के अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘भांगर बम विस्फोट मामले की जांच के तहत हमने शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है. उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी.’ तृणमूल नेता की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार हो गई है.एनआईए के अनुसार, गुरुवार सुबह शौकत मोल्ला के जीवनतला स्थित आवास पर छापेमारी की गई थी, लेकिन वह घर पर मौजूद नहीं थे. एजेंसी ने उनके बेटे इमरान मोल्ला से पूछताछ की और तलाशी अभियान चलाया.

टीएमसी के ये नेता भी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस ने इससे पहले सुरेंद्रनाथ कॉलेज आर्म्स केस में पारितोष दत्ता को गिरफ्तार किया था. इसके अलावा टीएमसी नेता तिलक कुमार चक्रवर्ती को हल्दिया से गिरफ्तार किया गया. इन्हें पूर्व मेदिनीपुर में नौकरी घोटाले के मामले में पकड़ा गया. कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने बताया कि टीएमसी नेता राजीब बनर्जी को भी पकड़ा गया है, इन्हें बीरभूम से चावल राशन घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया गया है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *