देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। अयोध्या और राम मंदिर को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर बरसते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो लोग कभी राम भक्तों पर लाठियां और गोलियां चलाते थे, आज वे आस्था की दुहाई दे रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि इस पार्टी ने देश को सिर्फ लूटा ही नहीं, बल्कि नोंच-नोंच कर खाया है।
“एक पक्ष राम को नकारता था, दूसरा गोलियां चलाता था”
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “याद कीजिए, एक पक्ष ऐसा था जो कहता था कि भगवान राम का कोई अस्तित्व ही नहीं है, यानी वे अयोध्या को भी पूरी तरह नकारना चाहते थे। वे राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के खिलाफ अदालत में वकीलों की फौज खड़ी करते रहे। वहीं दूसरा पक्ष वो था, जो ‘जय श्री राम’ बोलने पर लाठी और गोली चलाता था। आज वही लोग कह रहे हैं कि आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है।”
“तुम हमें आस्था सिखाओगे? रामनवमी पर दंगे करवाते थे”
विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले दंगों और प्रतिबंधों की याद दिलाई। उन्होंने कहा:
-
त्योहारों पर रोक: “ये वो लोग हैं जो रामनवमी पर दंगे करवाते थे, श्री कृष्ण जन्मोत्सव के आयोजनों को प्रतिबंधित करते थे, कांवड़ यात्रा निकालने पर रोक लगाते थे और दुर्गा पूजा के दौरान दंगे करवाते थे। क्या अब ये लोग हमें आस्था का पाठ पढ़ाएंगे?”
-
भ्रष्टाचार के कीर्तिमान: “कांग्रेस और उनके सहयोगियों ने बेइमानी और भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए। इन्होंने देश को नोंचा है, और आज ये लोग पवित्र अयोध्या पर आक्षेप लगा रहे हैं? यह देश को कतई स्वीकार्य नहीं है।”
SIT जांच का हवाला: “राम भक्तों की अग्नि परीक्षा मत लो”
अयोध्या को लेकर चल रहे हालिया विवादों और आरोपों पर सीएम योगी ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पहले दिन से साफ है कि ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ सबके सामने आना चाहिए।
सीएम योगी की सीधी चेतावनी: “मैं फिर से अपील करूंगा कि राम भक्तों की अग्नि परीक्षा मत लो और उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ करना बंद करो। अगर आपके पास कोई तथ्य या प्रमाण नहीं है, तो बेबुनियाद आरोप-प्रत्यारोप लगाना बंद कीजिए। और अगर कोई पुख्ता प्रमाण है, तो उसे राजनीति चमकाने के बजाय सीधे SIT (विशेष जांच दल) के सामने पेश करो।”
