Rain Alert: बारिश का ‘रेड अलर्ट’: बाढ़ की आशंका के बीच स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, नदियों का बढ़ा जलस्तर; मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

Rain Alert:

मुंगेली। मौसम विभाग (IMD) द्वारा आगामी 48 से 72 घंटों के दौरान मुंगेली जिले में बिजली चमकने, गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए शनिवार, 18 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों (कक्षा 1वीं से 12वीं तक) के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के बाद जिलेभर के शिक्षण संस्थान आज पूरी तरह बंद रहे।

कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी किया आदेश

कलेक्टर कुंदन कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आपातकालीन आदेश जारी किया है। प्रशासन के मुताबिक, जिले में संभावित मूसलाधार बारिश के कारण अचानक बाढ़ आने, मनियारी एवं शिवनाथ नदियों के जलस्तर में भारी वृद्धि होने, राजीव गांधी खुड़िया जलाशय में भारी जल आवक होने तथा शहरी क्षेत्रों में व्यापक जलभराव की गंभीर आशंका बनी हुई है। ऐसी स्थिति में जनजीवन के प्रभावित होने और मानव व पशु जीवन पर मंडराते खतरे को देखते हुए स्कूलों में नियमित कक्षाएं स्थगित की गई हैं।

राहत शिविर के रूप में तैयार रहेंगे स्कूल भवन

भले ही विद्यार्थियों के लिए छुट्टी घोषित की गई है, लेकिन कलेक्टर के निर्देशानुसार विद्यालयों के संस्था प्रमुख, प्राचार्य, शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है। इन कर्मचारियों को विद्यालय की संपत्ति, सरकारी दस्तावेजों और आवश्यक संसाधनों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही, स्थिति बिगड़ने या बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर स्कूल भवनों को अस्थायी राहत शिविर (Relief Camp) के रूप में उपयोग करने के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सीपेज और सीलन वाले भवनों पर विशेष निगरानी

कलेक्टर के आदेश के अनुपालन में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एल. पी. डाहिरे ने भी अलग से आदेश जारी कर सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को निर्देशित किया है। डीईओ ने विशेष रूप से ऐसे सरकारी स्कूल भवनों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं जहाँ छतों से पानी टपकने (सीपेज) या सीलन की समस्या है। ऐसे संवेदनशील स्कूलों से शासकीय दस्तावेज सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और भवनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी तत्काल जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और नदी-नालों से दूरी बनाकर रखें।

मदद के लिए आगे आई सामाजिक संस्था, जारी किया हेल्पलाइन नंबर

मुंगेली जिले में अतिवृष्टि की संभावना और हाई अलर्ट के बीच सामाजिक संस्था ‘प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन’ राहत और बचाव कार्य के लिए आगे आई है। संस्था ने भारी बारिश से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। संस्था ने कहा है कि यदि भारी बारिश के कारण किसी परिवार का राशन भीग गया हो, आशियाना क्षतिग्रस्त हो गया हो या किसी अन्य प्रकार की आपातकालीन वर्षाजनित समस्या हो, तो तत्काल सहायता के लिए 9300711483 पर कॉल किया जा सकता है। संस्था की टीम प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, स्वास्थ्य सहायता और सामुदायिक समर्थन पहुंचाने के लिए मुस्तैद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *