Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 9 गौवंशों को कुचला

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर गतौरी के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को कुचल दिया। हादसे में 9 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों व गौसेवकों में भारी आक्रोश देखा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन तेज गति से बिलासपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद करीब 10 गौवंश उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि 9 गौवंशों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल बछड़े को तत्काल गौरी गोपाल गौ सेवा धाम, छतौना पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय नागरिक और गौसेवक मौके पर पहुंचे। मृत गौवंशों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। हादसे के बाद लोगों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय नागरिकों और गौसेवकों का कहना है कि बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर गति नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने, संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाने और गौवंशों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *