Chhattisgarh Jagdalpur News : जगदलपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और बाजार क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को अहम बैठक आयोजित की। बैठक में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स, परिवहन संघ, व्यापारी संघ, जनप्रतिनिधियों तथा नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी पक्षों ने समन्वित प्रयासों से स्थायी समाधान निकालने पर सहमति जताई।
बैठक में बाजार क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग की कमी, सड़क किनारे अतिक्रमण, मालवाहक वाहनों के संचालन और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने सुझाव देते हुए कहा कि शहर के विकास के साथ ट्रैफिक प्रबंधन को भी आधुनिक और व्यवस्थित बनाया जाना आवश्यक है।
प्रशासन ने बताया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से चरणबद्ध योजना के तहत पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा, अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई होगी और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और जनसुविधा के बीच संतुलन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स, परिवहन संघ और व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि सुझावों के आधार पर जल्द ही आवश्यक कदम लागू किए जाएंगे, जिससे शहर में जाम की समस्या कम होगी और नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
