Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर में पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली के देवांश शर्मा (19), सुशांत कुमार पासवान (19) और बिहार के मयंक सिंह (19) को गिरफ्तार किया है। मयंक को इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय कल्याण ज्वेलर्स में डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, शहर में चलाए जा रहे प्रोएक्टिव पुलिसिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे कुछ युवक हथियारों के साथ वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने एक अप्रैल 2026 को ज्वेलरी शोरूम की रेकी की थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की गतिविधियों, पुलिस गश्त और वारदात के बाद भागने के संभावित रास्तों का भी अध्ययन किया गया था। रेकी के दौरान जुटाई गई जानकारी और तस्वीरें मोबाइल के जरिए फरार साथियों को भेजी गई थीं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हथियार कहां से मिले, गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और क्या वे पहले भी किसी वारदात में शामिल रहे हैं। जब्त मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कर कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
