CG Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में बुधवार की सुबह कई अहम खबरों के साथ शुरू हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बलरामपुर और जशपुर के दौरे पर रहेंगे, जबकि रायपुर में आदिवासी कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। दूसरी ओर, बिजली उपभोक्ताओं के लिए eKYC को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राजधानी के एलिवेटेड रोड से लेकर ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की रौनक और सितंबर में मांस-मटन बिक्री पर प्रतिबंध तक, प्रदेश में आज कई मुद्दे सुर्खियों में हैं। पढ़ें छत्तीसगढ़ की सुबह की सभी बड़ी और जरूरी खबरें एक नजर में।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बलरामपुर-जशपुर दौरे पर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को बलरामपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब सुबह 11:35 बजे रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बलरामपुर जिले के राजपुर जाएंगे।
मुख्यमंत्री ग्राम कर्रा में आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा में शामिल होंगे। इसके बाद वे जशपुर जिले के पण्डरीपानी पहुंचेंगे। यहां महतारी सदन में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभागीय स्टॉल का अवलोकन करेंगे और महिलाओं से संवाद भी करेंगे। इसके साथ ही पण्डरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 4:45 बजे बगिया स्थित अपने निजी निवास पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
1 सितंबर से बिजली कनेक्शनों की eKYC शुरू
छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अहम अपडेट है। प्रदेश में 1 सितंबर से सभी श्रेणी के बिजली कनेक्शनों के लिए eKYC प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
eKYC के दौरान आधार कार्ड और बिजली बिल में दर्ज नाम का मिलान अनिवार्य होगा। उपभोक्ताओं को इसके लिए बिजली कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वे घर बैठे ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से eKYC की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
खास बात यह है कि eKYC के लिए उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
रायपुर में आदिवासी कांग्रेस की अहम बैठक आज
राजधानी रायपुर में आज आदिवासी कांग्रेस की बड़ी बैठक होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया करेंगे।
सुबह 10:30 बजे राजीव भवन में होने वाली इस बैठक में प्रदेशभर के वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता, विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई नेता शामिल होंगे।
बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े जल, जंगल और जमीन के अधिकारों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार किए जाने की संभावना है।
तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड में अतिरिक्त फ्लाईओवर की मांग
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राजधानी के प्रस्तावित तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
सांसद ने वीआईपी चौक से एयरपोर्ट रोड की ओर करीब 500 मीटर अतिरिक्त विस्तार करने और वीआईपी चौक के टी-जंक्शन को अतिरिक्त फ्लाईओवर के जरिए जोड़ने का आग्रह किया।
इसके अलावा उन्होंने एनएच-130बी परियोजना के तहत बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक के शेष हिस्से को भी परियोजना में शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने क्षेत्र की बढ़ती यातायात और व्यावसायिक जरूरतों को देखते हुए इस हिस्से की डीपीआर तैयार कर जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया।
बताया गया कि केंद्रीय मंत्री ने सांसद की मांग पर सारंगढ़ तक एनएच-130बी के चार लेन निर्माण को मंजूरी देने पर सहमति जताई है।
रायपुर में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी को लेकर उत्साह
पैगंबर हजरत मुहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर ईद-ए-मिलाद-उन-नबी आज छत्तीसगढ़ समेत देशभर में मनाया जा रहा है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है।
शहर के विभिन्न इलाकों में जुलूस निकाले जा रहे हैं। आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर जवानों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
सितंबर में इन 7 दिनों पर नहीं बिकेगा मांस-मटन
रायपुर नगर निगम क्षेत्र में सितंबर महीने के दौरान सात प्रमुख पर्वों पर मांस-मटन की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध रहेगा। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश के अनुरूप संबंधित आदेश जारी किया है।
निर्धारित पर्वों के दौरान पशुवध गृहों के साथ सभी मांस-मटन बिक्री केंद्र बंद रखना अनिवार्य होगा। होटल और रेस्टोरेंट में भी मांस-मटन परोसने पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
सितंबर में प्रतिबंध वाले प्रमुख दिन:
– 4 सितंबर – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
– 7 सितंबर – पर्यूषण पर्व का प्रथम दिन
– 14 सितंबर – गणेश चतुर्थी
– 15 सितंबर – पर्यूषण पर्व का अंतिम दिवस
– 22 सितंबर – डोल ग्यारस
– 25 सितंबर – अनंत चतुर्दशी
– 26 सितंबर – पर्यूषण पर्व में संवत्सरी एवं उत्तम क्षमा
नगर निगम के निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
