Balodabazar News : बलौदाबाजार में करोड़ों का जमीन घोटाला, निवेश का झांसा देकर लोगों से ठगे 10 करोड़ रुपये

Chhattisgarh Balodabazar News : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में जमीन के सौदे और निवेश के नाम पर लोगों से करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अब्दुल हैदर नामक व्यक्ति दर्जनों लोगों से बड़ी रकम लेकर परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस ने उसकी मोबाइल लोकेशन जम्मू-कश्मीर में ट्रेस की है और उसकी तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को सस्ती जमीन दिलाने, निवेश पर अधिक मुनाफा और आकर्षक सौदों का झांसा देकर लाखों-करोड़ों रुपये लेता था। लंबे समय तक भरोसा कायम रखने के बाद वह रजिस्ट्री और सौदे को लेकर बहाने बनाता रहा और बाद में परिवार समेत फरार हो गया। फिलहाल दो-तीन पीड़ितों ने ही थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस का अनुमान है कि ठगी का दायरा इससे कहीं अधिक हो सकता है।

जांच में सामने आया है कि शहर के दो कपड़ा व्यापारियों और एक ऑटो पार्ट्स व्यवसायी से ही करीब 1.75 करोड़ रुपये लिए गए। वहीं एक अन्य व्यापारी से करीब 30 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें जल्द मुनाफा और पक्की रजिस्ट्री का भरोसा देकर रकम ली गई, लेकिन न जमीन मिली और न ही पैसा वापस किया गया।

कोकड़ी के पूर्व सरपंच राजेश्वर बंजारे ने आरोप लगाया कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए 12.50 लाख रुपये दिए थे। इसके बदले आरोपी ने उन्हें ब्लैंक चेक दिए और रजिस्ट्री के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने समाज के कई लोगों से भी भरोसे के आधार पर लाखों रुपये ले लिए।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने जिस मकान में वह परिवार सहित रहता था, उसे भी 35 लाख रुपये में बेच दिया, जबकि वह मकान पहले से बैंक में गिरवी रखा हुआ था। इससे खरीदार भी आर्थिक संकट में फंस गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की मोबाइल लोकेशन जम्मू-कश्मीर में मिली है। उसकी तलाश जारी है और अन्य संभावित पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है, ताकि मामले में प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *