रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास रविवार देर रात एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दो हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मस्जिद के पास देर रात वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना अश्वनी नगर इलाके में गौसिया मस्जिद के पास रात करीब 11 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपियों और युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर युवक ने एक्टिवा से वहां से निकलकर बचने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी नाली में फंस गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद पीछा कर रहे हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
मृतक की पहचान डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए एम्स अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
हत्या के मामले में 4 नाबालिग हिरासत में
पुलिस ने मामले में शामिल संदिग्धों की पहचान कर ली है। वारदात के बाद आरोपियों के ट्रेन से फरार होने की सूचना मिली थी। इसके बाद आरपीएफ के समन्वय से पुलिस ने तीन नाबालिगों को बिलासपुर से और एक नाबालिग को रायपुर से हिरासत में लिया है। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है।
आपसी रंजिश बताई जा रही वजह
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को आपसी रंजिश के चलते वारदात होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
