Special Olympics 2026: रायपुर के ऑटिस्टिक छात्र इभानन ने हांगकांग में फहराया परचम, बॉलिंग चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड मेडल

SpecialOlympics2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरव का ऐतिहासिक अवसर सामने आया है। राजधानी रायपुर के अवंति विहार स्थित ‘आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट’ के 22 वर्षीय ऑटिस्टिक छात्र इभानन ने हांगकांग में आयोजित स्पेशल ओलंपिक ईस्ट एशिया रीजनल बॉलिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक (Gold Medals) अपने नाम किए हैं। इभानन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे देश और प्रदेश में खुशी की लहर है।

चीन, जापान और कोरिया के खिलाड़ियों को पछाड़ा 4 से 9 सितंबर 2026 तक हांगकांग में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में इभानन ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। संस्था ने बताया कि इभानन ने चीन, जापान और कोरिया जैसे दिग्गज देशों के खिलाड़ियों के साथ कड़े मुकाबले के बीच यह स्वर्णिम सफलता हासिल की। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2024 में नई दिल्ली में आयोजित इसी चैंपियनशिप में भी उन्होंने 1 गोल्ड और 1 कांस्य (Bronze) पदक जीता था। लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस बड़ी कामयाबी को राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट की मेहनत रंग लाई आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट के अनुसार, इभानन की इस बड़ी सफलता के पीछे संस्थान के व्यावसायिक प्रशिक्षण (Vocational Training) और शिक्षकों के समर्पण का विशेष योगदान रहा है। यह संस्था विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास से जुड़ी सेवाएं देने के लिए जानी जाती है।

आज रात रायपुर पहुंचेंगे इभानन, एयरपोर्ट पर बैंड-बाजे से होगा ग्रैंड वेलकम दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले इभानन 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे हांगकांग से दिल्ली होते हुए रायपुर एयरपोर्ट (स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट) पहुंचेंगे। उनके आगमन पर आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट के शिक्षक, स्टाफ, सहपाठी, लायंस क्लब इंटरनेशनल के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उनका स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरान इभानन का सेरेमोनियल बैंड की धुनों के साथ भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *