Chhattisgarh News: दशकों का इंतजार खत्म: जशपुर को पहली बार मिलेगा रेल नेटवर्क, केंद्र ने जारी की अधिसूचना

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। जशपुर जिले के विकास इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। केंद्र सरकार ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित कर दिया है। इसके साथ ही पहली बार जशपुर को रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। करीब 291.881 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक पहुंचेगी।

भारत सरकार के रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के बाद परियोजना औपचारिक रूप से प्रभावी हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सतत प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित हो रही आधारभूत संरचना योजनाओं के तहत यह बहुप्रतीक्षित परियोजना अब धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ गई है।

वर्षों से रेल संपर्क की मांग कर रहे जशपुरवासियों के लिए यह बड़ी सौगात मानी जा रही है। रेल लाइन बनने से वनांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों तथा रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले युवाओं को बेहतर और सुलभ परिवहन सुविधा मिलेगी।

नई रेल परियोजना से कृषि, उद्यानिकी, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। किसानों को अपने उत्पाद देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं पर्यटन स्थलों तक पहुंच बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। साथ ही परियोजना के निर्माण और संचालन से हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *