Bhanupratappur News: ट्रेन और ट्रक की चपेट में आने से 14 मवेशियों की मौत, मुआवजे की कार्रवाई शुरू

Chhattisgarh Bhanupratappur News: भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापपुर के आसपास बीती रात और रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग हादसों में 14 मवेशियों की मौत हो गई। भैंसाकन्हार के पास बीती रात ट्रेन की चपेट में आने से 10 मवेशियों की मौत हुई, जबकि भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक में सुबह करीब 5 बजे अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से चार मवेशियों ने दम तोड़ दिया। पहली घटना में प्रशासन ने पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

भैंसाकन्हार के पास बीती रात ट्रेन की चपेट में आने से 10 मवेशियों की मौत हुई। बताया गया कि सभी मवेशी गांव के पशुपालक रमेश उइके के थे। घटना की जानकारी मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीएम गंगाधर वाहिले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया। प्रशासन की ओर से पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पशुपालक रमेश उइके का कहना है कि गांव के पास रेलवे ट्रैक के दोनों ओर लंबा मोड़ है। उनका आरोप है कि मोड़ के कारण कई बार ट्रेन अचानक दिखाई देती है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन का हॉर्न समय पर सुनाई नहीं देने के कारण आसपास चर रहे मवेशियों और पशुपालकों को ट्रेन के आने का समय पर पता नहीं चल पाता।

दूसरी घटना भानुप्रतापपुर के मुख्य चौक की है। रविवार सुबह करीब 5 बजे एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से चार मवेशियों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। एक ही दिन में अलग-अलग घटनाओं में 14 मवेशियों की मौत के बाद रेलवे ट्रैक और सड़क पर मवेशियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *