Rajnandgaon News: ‘हॉकी की नर्सरी’ में जनवरी तक बिछेगा नया एस्ट्रोटर्फ, 5.64 करोड़ की लागत से शुरू हुआ काम

Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। ‘हॉकी की नर्सरी’ के रूप में पहचान रखने वाले राजनांदगांव को आगामी जनवरी तक नया एस्ट्रोटर्फ मिलने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने दिल्ली की एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है, जिसके बाद 11 साल पुराने एस्ट्रोटर्फ को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। करीब 5.64 करोड़ रुपये की लागत से नया एस्ट्रोटर्फ बिछाया जाएगा। नया टर्फ तैयार होने के बाद यहां फिर से अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन का रास्ता साफ हो सकेगा।

करीब 11 साल पहले 22 करोड़ रुपये की लागत से पूरे स्टेडियम का निर्माण कराया गया था, जिसमें एस्ट्रोटर्फ भी शामिल था। समय के साथ टर्फ खराब होने, उसकी सतह उखड़ने और कई स्थानों पर कीचड़ व काले धब्बे जमने के कारण खिलाड़ियों को खेलने में परेशानी होने लगी थी। इसके चलते करीब 80 वर्षों से आयोजित हो रही अखिल भारतीय महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति हॉकी प्रतियोगिता भी प्रभावित हुई और आयोजन की परंपरा पर विराम लग गया।

पिछले वर्ष नए एस्ट्रोटर्फ के लिए स्वीकृति मिलने के बाद अब काम धरातल पर शुरू हो गया है। शनिवार से मजदूरों ने पुराने टर्फ को उखाड़ने का काम शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार करीब एक सप्ताह में पुराने टर्फ को पूरी तरह हटा लिया जाएगा, जिसके बाद नए एस्ट्रोटर्फ को बिछाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

नया टर्फ बिछने के बाद स्टेडियम में अन्य जरूरी संसाधनों को भी दुरुस्त करना होगा। टर्फ की सफाई और धुलाई के लिए इस्तेमाल होने वाला स्प्रिंकलर खराब है, जिसे सुधारना जरूरी होगा। इसके अलावा लंबे समय से फ्लड लाइट लगाने की मांग भी की जा रही है। पवेलियन के दोनों ओर दर्शकों और खिलाड़ियों को धूप से राहत देने के लिए कुर्सियों के ऊपर शेड लगाने की मांग भी सामने आई है। इन सुविधाओं के दुरुस्त होने के बाद स्टेडियम में बड़े स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *