रायपुर: छत्तीसगढ़ के सियासी इतिहास में आज एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक घटना देखने को मिली। रायपुर प्रेस क्लब के मंच पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वर्तमान उपमुख्यमंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के मुद्दे पर सीधे आमने-सामने आए।
इस लाइव ओपन डिबेट में दोनों कद्दावर नेताओं ने अपनी-अपनी सरकारों के कार्यकाल के दौरान स्वीकृत और निर्मित मकानों के आंकड़े पेश किए। जहां विजय शर्मा ने वर्तमान भाजपा सरकार और केंद्र की योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान जारी फंड और किए गए प्रयासों का ब्योरा रखा। दोनों ओर से आंकड़ों को लेकर तीखे आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला।
सीएम विष्णु देव साय की प्रतिक्रिया
इस राजनीतिक बहस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी अपनी त्वरित प्रतिक्रिया दी। सीएम साय ने पूरी डिबेट देखने के बाद दोनों नेताओं के प्रदर्शन को अंक दिए:
-
डिप्टी सीएम विजय शर्मा: 10 में से 10 अंक
-
पूर्व सीएम भूपेश बघेल: 10 में से 0 अंक
मुख्यमंत्री साय ने तंज कसते हुए कहा, “मैंने शुरू से पूरा डिबेट देखा है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा को मैं 10 में 10 अंक देता हूं। वहीं पूर्व सीएम को 10 में शून्य देता हूं, वे इसी के लायक हैं।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रायपुर प्रेस क्लब में हुई यह लाइव डिबेट छत्तीसगढ़ की राजनीति में स्वस्थ लोकतांत्रिक चर्चा और पारदर्शी जवाबदेही की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ती है।
