Jagdalpur News: नयापारा सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस का अल्टीमेटम, एक सप्ताह में काम पूरा नहीं हुआ तो 28 सितंबर को धरना

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। हाता ग्राउंड से जिला न्यायालय तक नयापारा सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर नेता प्रतिपक्ष पार्षद राजेश चौधरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो 28 सितंबर 2026 को सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि हाता ग्राउंड से जिला न्यायालय तक नयापारा रोड का निर्माण करीब तीन से चार महीने पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक काम अधूरा है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से राहगीरों, वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की मौजूदा स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास रहने वाले लोगों और स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। वहीं सड़क पर गिट्टी उखड़ने से वाहनों के टायर फिसलने और वाहन असंतुलित होने का खतरा बना रहता है। कांग्रेस पार्षद दल ने निर्माणाधीन सड़क पर आवश्यकतानुसार बैरियर लगाने और वाइब्रेटर मशीन का उपयोग करते हुए निर्माण कार्य व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने की मांग की।

राजेश चौधरी ने कहा कि बारिश का मौसम समाप्ति की ओर है, इसके बावजूद सड़क के डामरीकरण का काम लंबित है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से संबंधित ठेकेदार को निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की। कांग्रेस पार्षद दल ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर हाता ग्राउंड से जिला न्यायालय तक नयापारा रोड का निर्माण पूरा नहीं होने पर 28 सितंबर को कांग्रेस पार्षद दल और कार्यकर्ताओं की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। राजेश चौधरी ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग, जगदलपुर की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद रामकृष्ण तिवारी, जस्टिन भवानी, राजेंद्र पटवा सहित कांग्रेस पार्षद दल के अन्य सदस्य और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *