Raipur News: वडनगर से वाराणसी तक भाजयुमो की ‘सेवा संकल्प बाइक रैली’, छत्तीसगढ़ के 5 रूटों से होकर गुजरेगी यात्रा

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रसेवा, सामाजिक दायित्व और संगठनात्मक एकता का संदेश लेकर निकल रही यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचेगी। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के अनुसार प्रदेश में यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जाएगा और सेवा संकल्प का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि 27 सितंबर से बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ता रैली के रूप में रवाना हो रहे हैं। यात्रा के दौरान आम लोगों से संवाद के साथ स्वच्छता अभियान और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 29 सितंबर को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘लाभार्थी सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के युवा मोर्चा कार्यकर्ता शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ में इस यात्रा को पांच प्रमुख रूटों में विभाजित किया गया है। पहले रूट में दंतेवाड़ा से बाइक रैली रवाना होकर रायपुर पहुंचेगी। दूसरे रूट में यात्रा 28 सितंबर को महाराष्ट्र की ओर से राजनांदगांव जिले में प्रवेश करेगी और दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़ और जशपुर जिलों से गुजरने के बाद झारखंड की ओर रवाना होगी।

तीसरे रूट में 29 सितंबर को मध्य प्रदेश की ओर से चिल्फी घाटी के रास्ते कबीरधाम जिले में यात्रा का प्रवेश होगा। इसके बाद रैली कवर्धा, पंडरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, सूरजपुर, अंबिकापुर और बलरामपुर होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी।

चौथे रूट में 1 अक्टूबर को मध्य प्रदेश से एक यात्रा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद यात्रा मध्य प्रदेश के सीधी जिले की ओर लौट जाएगी। वहीं पांचवें रूट के तहत 1 अक्टूबर की शाम एक अन्य यात्रा मनेन्द्रगढ़ पहुंचेगी और तीन दिनों में कोरिया, सूरजपुर तथा बलरामपुर जिलों से होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी।

भाजयुमो के अनुसार, अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और संगठनात्मक गतिविधियों के प्रति सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से यात्रा के गुजरने को लेकर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *