Raipur News: ट्रांसपोर्ट कारोबारी का अपहरण, काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन ले गए तीन लोग, मोबाइल बंद

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के अपहरण का मामला सामने आया है। डीएम टावर के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों द्वारा कारोबारी प्रतीक राय को जबरन अपने साथ ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:28 बजे की बताई जा रही है। प्रतीक राय घर से खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के बहाने नीचे बुलाया। आरोप है कि नीचे पहुंचने के बाद उन्हें जबरन काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाया गया और तीन लोग उन्हें लेकर वहां से चले गए।

घटना के बाद परिजनों ने प्रतीक राय से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उनकी पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में काले रंग की स्कॉर्पियो का नंबर UP 32 RR 7454 बताया गया है। पुलिस इस वाहन की जानकारी को जांच में अहम आधार मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, कॉलोनी के एक युवक ने तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस इन मोबाइल नंबरों और वाहन से जुड़ी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान और कारोबारी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

खमतराई पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज के जरिए कारोबारी को ले जाने वाले वाहन और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल प्रतीक राय के अपहरण के पीछे की वजह और उनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच करते हुए कारोबारी और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *