Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के डीडी नगर इलाके में एक आवारा सांड के लगातार हमलों से लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि सांड ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 15 लोगों पर हमला किया, जिसमें पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल समेत कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने प्रशासन से सांड को जल्द काबू करने की मांग की।
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड बच्चे को गोद में लिए एक बुजुर्ग पर अचानक हमला करता नजर आ रहा है। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल को भी चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांड को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। टीम ने ट्रैंक्विलाइजर डार्ट का इस्तेमाल कर सांड को बेहोश किया, जिसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया। घटना के बाद गौ सेवकों ने सांड के रेबीज से संक्रमित होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी चिंता जताई है। उन्होंने राजधानी में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर सरकार और नगर प्रशासन पर सवाल उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से आवारा पशुओं के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
