Raipur News: गृह मंत्री का निज सचिव बनकर सरकारी नौकरी लगाने का झांसा, दो ठग गिरफ्तार

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। गृह मंत्री का निज सहायक और प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा कर सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रार्थी बोस्टो तांडी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि आरोपी संतराम यादव और आदित्य मोहन पंडा ने प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने की बात कहते हुए उसे शासकीय नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोप है कि आदित्य मोहन पंडा ने खुद को गृह मंत्री का निज सहायक बताकर 70 हजार रुपये लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगाई। शिकायत में अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई।

मामले में अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से विस्तृत पूछताछ की। इसके आधार पर कमल विहार, रायपुर निवासी आदित्य मोहन पंडा पिता अनिल पंडा (23 वर्ष) और हिमालया हाइट्स, देवपुरी, रायपुर निवासी संतराम यादव पिता बलराम यादव (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने इसी तरह सरकारी नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों से आगे भी पूछताछ कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *