नई दिल्ली। नीट (NEET) विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने उतरी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का पहला ही दांव उलटा पड़ता नजर आया। दिल्ली की भीषण और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के सामने पार्टी के हौसले पस्त हो गए। सुबह बड़े लाव-लश्कर के साथ पहुंचे पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके निर्धारित समय से पहले ही धरना स्थल छोड़कर रवाना हो गए, जिसके बाद शाम होते-होते पूरा प्रदर्शन स्थल खाली हो गया।
सुबह जोश, दोपहर में AC का होश और सवा तीन बजे ‘बाय-बाय’
जंतर-मंतर पर हुए इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे की पूरी टाइमलाइन कुछ इस तरह रही:
-
सुबह 10:30 बजे: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके कार्यकर्ताओं के साथ जंतर-मंतर पहुंचे। शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू हुई।
-
दोपहर का पारा और AC का सहारा: जैसे-जैसे दिल्ली का तापमान बढ़ा, वैसे-वैसे नेताओं का जोश ठंडा होने लगा। दोपहर में बढ़ती गर्मी से बेहाल होकर दिपके कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल छोड़कर बकायदा एसी (Air Conditioner) की हवा खाते नजर आए।
-
शाम 3:15 बजे: एसी से निकलने के बाद वह कुछ देर के लिए फिर प्रदर्शन स्थल पर लौटे, लेकिन गर्मी के आगे टिक नहीं पाए और दोपहर करीब 3:15 बजे मैदान छोड़कर चले गए।
-
शाम 4:15 बजे: दिल्ली पुलिस से पार्टी को शाम 5:00 बजे तक धरना देने की अनुमति मिली हुई थी। लेकिन संस्थापक के जाते ही शाम सवा चार बजे तक पूरा जंतर-मंतर खाली हो चुका था। इस तरह सीजेपी (CJP) का यह पहला प्रदर्शन समय से पहले ही फुस्स हो गया।
धरना खत्म होने के बाद अभिजीत दिपके ने क्या कहा?
प्रदर्शन बीच में ही छोड़कर जाने के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी सफाई पेश की।
अभिजीत दिपके का पोस्ट: > “मैं अपने माता-पिता से मिलने घर जा रहा हूं, उनसे मिले हुए एक साल से ज़्यादा का समय हो गया है। पिछले 15 दिनों में उन्होंने बहुत कुछ सहा है और धमकियों के कारण उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा था। मैं उन्हें वापस घर लेकर जा रहा हूं।”
दूसरी तरफ, बैकफुट पर आई पार्टी के बचाव में प्रवक्ता सौरव दास उतरे। उन्होंने जंतर-मंतर की एक खाली होती तस्वीर शेयर करते हुए कवर-अप करने की कोशिश की और लिखा, ‘भारी संख्या में युवा शांतिपूर्वक तरीके से जुटे’।
